अमरोहा। परिजनों ने जिला पंचायत सदस्य के परिवार का अपहरण का आरोप लगाया है। परिजनों ने ये आरोप पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति और बसपा नेता पर लगाया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। एसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के पतेई खालसा गांव निवासी नत्थू सिंह भारती ने बुधवार को एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी पुत्रवधू अंजू पत्नी प्रमोद कुमार जिला पंचायत सदस्य है। सोमवार को वह अपने पति और बच्चे के साथ कार से घर से जोया के लिए गईं थी। आरोप के मुताबिक जैसे ही वह ढकिया चमन और पतेई खालसा के बीच पहुंचे। तभी दो कार में सवार पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति और बसपा नेता अपने अन्य पांच साथियों के साथ पहुंचे और सभी का अपहरण कर लिया। शाम तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश की। इस दौरान पता चला कि उनका अपहरण कर लिया गया है। बुधवार को जिला पंचायत सदस्य पति प्रमोद कुमार ने फोन कर बताया कि उन्हें अपहरण कर रखा है। पीड़ित परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।