ढबारसी। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर बहन को गलत इरादे से खींचकर ले जा रहे युवक को उसके भाई ने घेरा तो उसने सरिया से हमला कर दिया। धमकी देते हुए भाग निकला। गांव के पंचों ने मामले को निपटाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। मामले में थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की उन्हें जानकारी नहीं है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार सुबह 11 बजे एक किशोरी पशुओं के लिए खेत से चारा लेने के लिए गई थी। इसी बीच जंगल में एक युवक ने किशोरी को अकेला पाकर दबोच लिया। उसे जबरन खेत की तरफ ले जाने लगा। किशोरी के शोर मचाने पर उसका भाई व मां भी मौके पर पहुंच गई। भाई ने बहन को आरोपी युवक से छुड़ाया तो आरोपी ने उस पर सरिया से हमला कर दिया। अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
इसके बाद जमकर हंगामा हुआ। गांव के पंचों ने मामले को निपटाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद पीड़िता की मां ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, मगर लेकिन पुलिस इस मामले को हल्के में ले रही है। कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। थाना अध्यक्ष राम प्रकाश शर्मा का कहना है कि इस तरह के मामले की उन्हें जानकारी नहीं है। यदि तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।