मंडी धनौरा/बछरायूं। थाना क्षेत्र के घंसूरपुर माफी गांव में नकब लगाकर चोरों ने अलमारी से तीन लाख रुपये की नकदी व जेवर आदि चोरी कर ले गए। घटना की बुधवार सुबह जानकारी हुई तो गृहस्वामी सन्न रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। गृहस्वामी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। तीन दिन पहले थाना बछरायूं के मलेशिया गांव में रईस अहमद के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया था।
घंसूरपुर माफी गांव निवासी मुजाहिद हुसैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार रात वह किसी काम से अमरोहा गए थे। घर में उनकी पत्नी व बच्चे मौजूद थे। रात में किसी समय चोरों ने मकान के पिछले हिस्से में नकब लगाकर अंदर घुस आए। चोरों ने घर में रखी अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखे तीन लाख 30 हजार रुपये व जेवर आदि चोरी कर ले गए। मुजाहिद के मुताबिक सेफ की चाबी गददे के नीचे रखी थी।
सवेरे उनकी पत्नी की आंख खुली तो अलमारी खुली देखकर चौंक गई। नकदी व जेवर गायब थे। पत्नी ने तत्काल इसकी जानकारी पति मुजाहिद को फोन पर दी। थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बताया कि इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चाबी से सेफ का ताला खोलने की बात संदिग्ध लग रही है। मामले की जांच की जा रही है।