मंडी धनौरा(अमरोहा)। सद्भावना उत्सव समिति के तत्वावधान में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को गाजियाबाद और बिजनौर की टीमों की भिड़ंत हुई। गाजियाबाद की टीम ने बिजनौर को 43 रन से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। विजेता टीम के खिलाड़ी यश चंदेला को मैन ऑफ द् मैच चुना गया।
टॉस जीतकर नेहरू स्टेडियम बिजनौर की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरी सिंह एकेडमी गाजियाबाद टीम की शुरूआत कोई खास नहीं रही। टीम के एक छोर से दो खिलाड़ी मात्र 15 रन पर आउट हो गए। ओपनर यश चंदेला ने शानदार बैटिंग करते हुए मात्र 38 गेंदों पर 76 रन ठोस डाले। सूरज ने अपनी टीम के लिए 27 रन का योगदान दिया। पूरी टीम 23 ओवर में 175 रन पर आउट हो गई। बिजनौर की ओर से कामरान ने चार विकेट झटके। जवाब में बल्लेबाजी करने आई बिजनौर की टीम की शुरूआत अच्छी रही, लेकिन मध्यम क्रम लड़खड़ा गया। पूरी टीम मात्र 132 रन पर ही सिमट गई। हिमांशु ने सर्वाधिक 43 रन बनाए। गाजियाबाद की ओर से दीपक ने चार और हर्षित ने दो विकेट लिए। अवधेश कौशिक और आकिब ने अंपायरिंग की। शलभ भारद्वाज, लक्की चौधरी, संजीव अग्रवाल, राजेश सारस्वत, गीतेश अग्रवाल, अनिल जैन, प्रियांक कुमार आदि रहे।