अमरोहा। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट के तत्वाधान में सोमवार को शहर के मिनी स्टेडियम में अंडर-16 स्वर्गीय देवेंद्र चंदेल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन टीएमयू मुरादाबाद और हल्द्वानी उत्तराखंड की टीम ने मुकाबले जीते। टीएमयू (मुरादाबाद) ने यूथ क्रिकेट एकेडमी (अमरोहा) को सात विकेट से हराया। हल्द्वानी ने मुरादाबाद पर एक विकेट से रोमांचकारी जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता का पहला मैच टीएमयू (मुरादाबाद) और यूथ क्रिकेट एकेडमी (अमरोहा) के बीच खेला गया। जिसमें टॉस जीतकर यूथ क्रिकेट एकेडमी टीम ने पहले बल्लेबाजी की। इसमें दिपांश ने 42 और तबरेज ने 16 रनों का योगदान दिया। टीम ने निर्धारित बीस ओवरों में 101 रन बनाए। टीएमयू की तरफ से अक्शु बाजवा ने तीन और रिहान ने दो विकेट लिया। जवाब में उतरी टीएमयू की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीएमयू की ओर से चेतन ने 30 और अमितोश ने 13 रन बनाए। यूथ क्रिकेट एकेडमी ओर से लक्ष्य और रिहान ने एक-एक विकेट लिया।
दूसरा मैच हल्द्वानी (उत्तराखंड) और मुरादाबाद टीम के बीच खेला गया। जिसमें मुरादाबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 111 रनों का स्कोर खड़ा किया। जव्वाद अली ने शानदार 51 रनों की पारी खेली। हल्द्वानी की ओर से दीपक ने चार विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हल्द्वानी की टीम ने नौ विकेट खोकर मैच जीत लिया। ईश्वर ने 19 रन बनाए। मुरादाबाद की ओर से जव्वाद ने दो विकेट लिए। मैच में अंपायर शमशाद, रजन असगर और स्कोरर प्रियांशु पाठक रहे। इससे पहले मुख्य अतिथि नईम अहमद और बदरूद्दीन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रिजवान पाशा, कोच चमन सिंह, रोहित चंदेल, नजम, वसीम, असगर, शमशाद, नजम आदि मौजूद रहे।