अमरोहा। गांव के लोगों की सुविधा को देखते हुए जनपद की आठ ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 1.94 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसकी 75 प्रतिशत राशि जारी कर दी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जा सकेगा।
जनपद के छह ब्लॉक की आठ पंचायतों में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। चयनित गांव में 24.36 लाख रुपये की लागत से अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराया जाएगा। हसनपुर ब्लॉक के गांव ब्रह्माबाद, गंगेश्वरी ब्लाॅक के चंदन कोटा, गजरौला की ग्राम पंचायत मोहम्मदाबाद, मंडी धनौरा की पंचायत नवापुर भूड़ एवं चौहड़पुर भगत, अमरोहा ब्लॉक की भेड़ा भरतपुर तथा जोया ब्लॉक की हसनपुर कला एवं लोदीपुर बंजारा पंचायतों को अंत्येष्टि स्थल निर्माण के लिए चयनित किया गया है। जोया ब्लॉक की पंचायतों को छोड़कर सभी पंचायतों में कुल बजट की 75 प्रतिशत राशि भेज दी गई है। पंचायत राज विभाग के अनुसार जोया ब्लॉक की पंचायतों में भी शीघ्र राशि भेजी जाएगी।
इनका होगा निर्माण
अंत्येष्टि स्थल पर हैंड पंप एवं ड्रेनेज, हार्टिकल्चर एवं प्लांटेशन, शवदाह के लिए प्लेटफॉर्म, रोड कनेक्टिविटी के लिए इंटर लॉकिंग, एक वुड स्टोर के साथ साथ अंदर फर्श भी इंटर लाॅकिंग का निर्माण कराया जाएगा। जिसमें खर्च के लिए अलग अलग मद तय की गई है। तय मद के अनुसार ही निर्माण में खर्च किया जा सकेगा।
-
जनपद की आठ पंचायतों में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण होगा। इसके लिए बजट भी जारी हो चुका है। चयनित पंचायतों को 75 प्रतिशत राशि जारी की जा चुकी है। जिन पंचायतों में राशि नही पहुंची है, वहां भी शीघ्र भेज दी जाएगी।
- पारुल सिसोदिया, डीपीआरओ
-