अमरोहा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत इसका लाभ लेने के लिए पात्रों को अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा। अब ऑनलाइन माध्यम से इसके लिए आवेदन होगा। योजना के लिए जनपद को 1121 सामूहिक विवाह का लक्ष्य दिया गया है। समाज कल्याण विभाग के अनुसार अब तक 200 आवेदन आ चुके हैं।
आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों के लिए शासन ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की शुरूआत की थी। दो लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले लोग इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। योजना में अब ऑफ लाइन आवेदन बंद कर दिए गए हैं। अब ऑनलाइन माध्यम से इसके लिए आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन शुरू किए जाने से योजना अब आम आदमी के बीच होगी। दलाल और बिचौलियों पर रोक लग सकेगी। योजना के तहत 35 हजार रुपये लाभार्थी के खाते में, दस हजार रुपये का सामान एवं छह हजार रुपये खर्च के रूप में दिए जाते हैं। इसके लिए कुल 51 हजार रुपये लाभार्थी के लिए खर्च किए जाते हैं। जनपद को अब की बार 1121 सामूहिक विवाह का लक्ष्य दिया गया है। वहीं योजना में अब तक लगभग 200 ऑनलाइन आवेदन आ चुके हैं। जनपद के छह ब्लॉकों में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कार्यक्रमों का आयोजन होगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। अब तक लगभग 200 आवेदन प्राप्त हो गए हैं। जनपद में 1121 सामूहिक विवाह का लक्ष्य मिला है।