रहरा। रहरा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था लगातार खराब रहने से गुस्साए लोगों ने रहरा बिजली घर पहुंच कर धरना प्रदर्शन किया। बिजलीघर पर मौजूद विद्युत कर्मचारियों को बंधक बनाकर कुछ देर धूप में बैठाए रखा। बनाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
शुक्रवार दोपहर को ग्रामीण एकत्र होकर रहरा बिजली घर पहुंचे। यहां मौजूद बिजली कर्मचारियों को बंधक बना लिया और वहीं धूप में बैठा लिया। इसके बाद लोगों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कहा कि 24 घंटे में मात्र 3 या 4 घंटे विद्युत सप्लाई मिलती है। धान का पौधा और मेंथा की फसल में पानी की पर्याप्त मात्रा की आवश्यकता पड़ती है। परंतु विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप के न मिलने की वजह से ग्रामीणों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों के फोन नंबर बंद आते हैं। ऐसे में हमें अपनी समस्याओं को लेकर बिजली घर पर आना पड़ा।
ग्रामीणों ने एसडीओ एवं जेई के खिलाफ नारेबाजी भी की। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समस्या का शीघ्र निदान करने का आश्वासन देकर उनके घर वापस जाने की अपील की। जिसके बाद ग्रामीण शांत हो गए। इस मौके पर गोलू त्यागी, पुष्प सैनी, सुधीर, शिवा शर्मा, पुष्पा सैनी, कमल राणा, महिपाल, योगेश त्यागी, मयंक, दीपक, सोनू, योगेश त्यागी, नीरज, अंकित, अमित, विमल, सतवीर, मौसम, सचिन, शुभम, बलराज आदि लोग मौजूद रहे।