गजरौला(अमरोहा)। अलग-अलग हादसों में 11 कांवड़िये घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। घायलों में दंपती भी शामिल हैं। महिला कांवड़िया को गंभीर हालत में रेफर कर दिया है।
रविवार की रात ब्रजघाट से कांवड़ लौटते समय मुरादाबाद के कटघर निवासी दुर्गेश, मुकेश, मुरादाबाद के नागफनी निवासी अरुण सागर, लाइनपार निवासी लोकेश, असमोली निवासी दीपक ओवरटेक करने के प्रयास में बाइकों की भिड़ंत होने पर घायल हो गए। इसके अलावा संभल के शहजादी सराय निवासी हुकुम सिंह, राजेंद्र सिंह व अभिषेक की बाइक में ओवरटेक करते समय बाइक सवार ने साइड मार दी। जिससे उनकी बाइक फिसल गई और तीनों घायल हो गए। वहीं रामपुर के सराय गेट निवासी गंगाराम, उनकी पत्नी पूनम व बेटा ध्रुव सोमवार की सुबह साढ़े पांच बजे ब्रजघाट से कांवड़ में गंगा जल लेने जा रहे थे। गजरौला के निकट पहुंचने पर उनकी बाइक फिसल गई। जिससे तीनों घायल हो गए। घायलों को तुरंत सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से पूनम को रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारण कहीं पर कोई अव्यवस्था का मामला सामने नहीं आया।
-