अमरोहा। कांठ रोड पर बाइक सवार दंपती को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में रुचि (40) की मौत हो गई। जबकि उसका पति पुष्पेंद्र घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बृहस्पतिवार की दोपहर मुरादाबाद जनपद के छजलैट थानाक्षेत्र के गांव छज्जा नगला के रहने वाले पुष्पेंद्र अपनी पत्नी रुचि के साथ बाइक से अमरोहा आ रहे थे। बाइक चला रहे पुष्पेंद्र ने हेलमेट लगा रखा था। जैसे ही उनकी बाइक देहात थानाक्षेत्र के गांव की छावी पहुंची तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक के पीछे बैठी रुचि सड़क पर गिर पड़ीं। जबकि पुष्पेंद्र दूसरी दिशा में सड़क से दूर जा गिरे। सड़क पर गिरी रुचि के ऊपर से ट्रक का पहिया उतर गया और उनकी मौके पर मौत हो गई।
हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलती ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल पुष्पेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि मामले में ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक को लेकर मौके से भाग गया था, उसका पता लगाया जा रहा है।