हसनपुर (अमरोहा)। किसी न किसी बहाने से लोग लॉकडाउन की लक्ष्मण रेखा को लांघकर बाजार तक पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को एक युवक ऐसा मिला जो केवल एक नींबू खरीदने बाइक से बाजार पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी पकड़ लिया। ऐसे ही लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस प्रशासन प्रयास कर रहा है। शुक्रवार को रहरा अड्डे पर बाजार में बेवजह घूम रहे एक बाइक सवार युवक को पुलिस ने रोक लिया। पूछा कि कहा जा रहे हो, जवाब मिला सब्जी की दुकान से एक नींबू खरीदकर लाया हूं। बस फिर क्या होना था, पुलिस ने युवक की जमकर खबर ली और थाने ले आए। इसी तरह से बेवजह बाजार में घूमते पांच लोगों को पकड़ा गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि बीझनपुर निवासी इकबाल, रेतिया मस्जिद निवासी शाहजेब, शाहपुर कला निवासी मित्रपाल और सुनील निवासी बुरावली को रहरा अड्डा के नजदीक से पकड़ा गया। जबकि पवन कुमार गांव आलमपुर को संभल अड्डे से पकड़ा है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।