अमरोहा। कोरोना वायरस का दायरा बढ़ते ही लोग दहशत में आ गए हैं। पिछले दो दिनों से बाजार में अचानक मास्क की मांग बढ़ गई है। वहीं, बाजार से एन-95 और ट्रिपल लेयर मास्क गायब हैं। ये मास्क ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। बाजार में सामान्य मास्क हैं, इनकी भी मात्रा कम ही है। दूसरी ओर बाहर से बाजार में मास्क की सप्लाई भी नहीं आ रही है।
पिछले तीन दिनों से देश में कोरोना वायरस को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। बुधवार को देशभर में 23 नए पाजिटिव मरीज सामने आए। इनमें आगरा के एक ही परिवार के छह लोग शामिल है। जिसे लेकर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। कोरोना वायरस को लेकर दहशत के इस माहौल में अमरोहा मेें अचानक मास्क की मांग की बाढ़ सी आ गई है। सर्जिकल सेंटरों पर लोग मास्क लेने के लिए पहुंचने लगे हैं। ये डिमांड पिछले दो दिनों में हुई है। हर कोई एन-95 और ट्रिपल लेयर मास्क की मांग कर रहा है। ये दोनों मास्क बाजार में खत्म हो चुके हैं। बाजार में ये मास्क ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। मजबूरी में लोग सामान्य मास्क ले रहे हैं। मेडिकल सर्जिकल स्टोर संचालकों का कहना है कि सामान्य मास्क की भी बाजार में कमी है। बाहर से मास्क की सप्लाई नहीं हो रही है। इसलिए परेशानी हो रही है।
बाजार में एकदम से मास्क की मांग होने लगी है। एन-95 और ट्रिपल लेयर मास्क खत्म हो चुके हैं। करीब महीने भर पहले डिमांड भेजी थी, लेकिन अब तक कंपनी ओर से सप्लाई नहीं आई। - दीपक कुमार, सर्जिकल सेंटर संचालक
दो दिन पहले तक मास्क का इस्तेमाल सिर्फ अस्पतालों में डाक्टर या पैरामेडिकल स्टाफ करते थे। अब पब्लिक भी मास्क की मांग कर रही है। पिछले दो दिनों से अचानक लोग मास्क की मांग करने लगे हैं। - सौरभ कुमार, सर्जिकल सेंटर संचालक
अब 18 से 22 रुपये में मिल रहा सामान्य मास्क
आम दिनों में एक सामान्य मास्क तीन से चार रुपये मिलता था। मास्क की मांग बढ़ने पर इसके दामों पर उछाल आ गया है। अब ये मास्क 18 रुपये से 22 रुपये तक में मिल रहा है।
गिलब्स और हैंड सेनेटाइजर की भी डिमांड
अमरोहा। कोरोना वायरस को लेकर मास्क की मांग तो बढ़ी है। इसके अलावा अचानक से गिलब्स और हैंड सेनेटाइजर की भी मांग शुरू हो गई है। लोग गिलब्स और हैंड सेनेटाइजर की भी मांग कर रहे हैं।