अमरोहा। कोरोना से जंग जीतने के लिए राहत भरी खबर है। जिले को मिलने वाली कोरोना वैक्सीन बरेली पहुंच गई। लिहाजा उसे लाने के लिए वाहन निकल गया है। आज यानी गुरुवार को वैक्सीन की 9607 डोज अमरोहा पहुंच जाने के संभावना हैं। जिसके बाद उसके कोल्ड चेन कक्ष में रखा जाएगा। इसके बाद सोलह जनवरी को जिला अस्पताल समेत छह अस्पतालों में पंजीकृत सरकारी और निजी स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। पहले चरण के टीकाकरण में 600 स्वास्थ्य कर्मी शामिल होंगे। कोल्ड चेन कक्ष की सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। टीकाकरण के दौरान भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
कोरोना वैक्सीन टीकाकरण के लिए जिले में 77 सेशन साइट बनाई गई हैं। कुल 7993 सरकारी और निजी स्वास्थ्य कर्मियों को पंजीकरण कराया गया है। शासन के निर्देशानुसार 16 जनवरी को पहले चरण का टीकाकरण होगा। इस दिन जिला अस्पताल, एमसीएच विंग मोहल्ला कोट, टीबी क्लीनिक, जोया सीएचसी, गजरौला सीएचसी और धनौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 600 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। हर अस्पताल में 100-100 स्वास्थ्य कर्मियों को बुलाया जाएगा। चौबीस घंटे पहले टीकाकरण के बुलावे का संदेश स्वास्थ्य कर्मी को मोबाइल पर मिलेगा। टीका लगाने से पहले गेट पर ही जांच पड़ताल होगी। एप पर पंजीकृत नाम पते की आधार पर स्वास्थ्य कर्मियों की आईडी का मिलान किया जाएगा। साथ ही टीकाकरण के बाद किसी भी तरह के साइड इफेक्ट से निपटने के लिए सभी तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं।