अमरोहा। सऊदी अरब की कंपनी में सुपरवाइजर अमरोहा निवासी कोरोना आशंकित की जांच रिपोर्ट नकारात्मक आई है। अलीगढ़ भेजे गए उसके नमूनों की रिपोर्ट नौ घंटे में ही आ गई। शनिवार शाम स्वास्थ्य विभाग ने रिपोर्ट के नेगेटिव होने की पुष्टि की। इसके बाद विभाग ने राहत की सांस ली है। उम्मीद जताई जा रही है कि मरीज को घर भेज दिया जाएगा। लेकिन अगले कुछ दिन उसे एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग भी उसकी निगरानी करेगा। आशंकित मरीज दो मार्च को सऊदी से लौटा था।
आशंकित मरीज को दस मार्च को बुखार, खांसी के साथ सांस लेने में परेशानी होने लगी। कस्बे में इलाज कराया, लेकिन कुछ फायदा नहीं हुआ। शुक्रवार को वह अपने छोटे भाई के साथ इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंचा। डाक्टर ने उसका चेकअप किया। केस हिस्ट्री और दो मार्च को सऊदी अरब से लौटने की जानकारी होने पर डाक्टर ने कोरोना की आशंका जताई। इसके बाद मरीज को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया। कोरोना आशंकित मरीज मिलने पर जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। बाद में मरीज के दो सैंपल लिए गए। जिसे जांच के लिए शनिवार सुबह अलीगढ़ भेजा गया। सैंपल सुबह 11 बजे अलीगढ़ लैब में पहुंच गया। जहां सैंपल की जांच शुरू की गई। दोपहर में लैब की ओर से मरीज से संबंधित कुछ जानकारी मांगी गई। रात आठ बजे सैंपल की रिपोर्ट अमरोहा स्वास्थ्य विभाग को मिली। सीएमओ डा. मेघ सिंह ने बताया कि अलीगढ़ लैब से आशंकित मरीज की सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। डाक्टरों की सलाह के बाद रविवार को मरीज को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। उसके आगामी दिनों में एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।