रहरा(अमरोहा)। रहरा सीएचसी से कोरोना संक्रमित मरीज भाग गया। इससे स्वास्थ्य विभाग के अफसरों में हड़कंप मच गया। चिकित्सकीय टीमों ने मरीज को कड़ी मशक्कत के बाद उसके ही गांव से छह घंटे बाद पकड़ा। इसके बाद उसे कोविड सेंटर भेज दिया गया।
बताते हैं कि तीन दिन पूर्व एक युवक का सैंपल लिया गया। मंगलवार को उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग की टीम युवक को गांव से ले आई। कोविड सेंटर भेजने से पहले कुछ समय के लिए सीएचसी ले जाया गया। इसी बीच युवक का दोस्त वहां पहुंचा। थोड़ी देर बाद चिकित्सकों ने देखा कि संक्रमित युवक वहां से गायब है। उसकी खोजबीन शुरू की गई। कोरोना संक्रमित के फरार होने की सूचना से स्वास्थ्य विभाग के अफसरों में खलबली मच गई। शाम करीब छह बजे संक्रमित को उसी के गांव से पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे गजरौला कोविड अस्पताल भेज दिया गया। फरार हुए संक्रमित मरीज के मिलने के बाद चिकित्सकों ने राहत की सांस ली। कोरोना संक्रमित मरीज के फरार होने की घटना से सीएचसी स्टाफ की बड़ी लापरवाही सामने आई है।
- दोहपर 12 बजे एक युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे गजरौला भेजने के लिए सीएचसी लेकर आए थे। यहां थोड़ी ही देर में युवक अपने दोस्त के साथ वहां से फरार हो गया। शाम चार बजे पुलिस बल के साथ युवक को पकड़ लिया गया और उसे कोविड सेंटर भिजवाया गया है।
- सौरभ त्यागी, सीएचसी प्रभारी रहरा।