अमरोहा। जिले में बुधवार को सबसे अधिक एक दिन में पच्चीस मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। आज मिले संक्रमित में सबसे अधिक सोलह लोग कोरोना पॉजिटिव बुजुर्ग के परिवार के सदस्य हैं। बुजुर्ग की रिपोर्ट आने से पहले ही मौत हो गई थी। सभी मरीजों को विम्स हास्पिटल और टीएमयू मुरादाबाद में भर्ती कराया जा रहा है। अब जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 196 हो गई है। पच्चीस संक्रमित मिलने के बाद जिले में 46 केस एक्टिव चल रहे हैं। चार मरीजों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।
बुधवार तक स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए 7894 लोगों के सैंपल लिए हैं। इनमें से 7375 सैंपलों की रिपोर्ट आ चुकी है। 7198 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में अबतक 196 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बुधवार को पीजीआई लखनऊ से 69 सैंपलों की रिपोर्ट आई। इसमें एक ही परिवार के सोलह सदस्यों सहित 25 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी सोलह संक्रमित मरीज कोरोना से मरे बुजुर्ग के परिवार के सदस्य हैं। इसमें मां-बेटे बहू और बच्चे शामिल हैं। कोरोना काल में पहली बार अमरोहा में सबसे अधिक पच्चीस मरीज एक साथ संक्रमित पाए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सभी मरीजों को वैंक्टेश्वर और टीएमयू में भर्ती कराया गया है। हालांकि अभी 518 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। फिलहाल जिले में 46 केस एक्टिव चल रहे हैं। चार मरीजों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद डिस्चार्ज किया गया है।
सीएमओ डॉ मेघसिंह ने बताया कि 30 जून को मोतीनगर निवासी बुजुर्ग का सैंपल कराया गया था। रिपोर्ट आने से पहले उनकी मौत हो गई थी। तीन जुलाई को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उनके परिवार के 53 लोगों का सैंपल कराए थे। इसमें 16 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 13 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि पांच लोगों के सैंपल दोबारा लैब भेजे जाएंगे।