अमरोहा। जिले में कोरोना की रफ्तार थमने को तैयार नहीं हैं। गुरूवार को दिल्ली से आया बारबर और चीनी मिल कर्मचारी सहित सहित 15 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। संक्रमितों को होम आइसोलेशन और कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगातार बढ़ते संक्रमण से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची है। अबतक 3923 लोग संक्रमित मिले हैं। कुल 207 केस एक्टिव चल रहे हैं।
गुरूवार को सरकारी लैब से प्रतीक्षारत 127 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। इसमें 11 लोगों संक्रमित पाए गए। वहीं, जिलेभर में एंटीजन किट और ट्रूनेट मशीन से 1192 लोगों की जांच कराई गई। इसमें 4 लोग संक्रमित निकले। संक्रमितों में दिल्ली से आया बारबर और चीनी मिल कर्मचारी शामिल हैं। कोविड नोडल अधिकारी डॉ हरिदत्त नेमी ने बताया कि गुरूवार को जिलेभर में कोरोना के 15 नए मरीज मिले हैं। संक्रमितों को होम आइसोलेशन और कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 3923 पहुंच गई है। कुल 207 केस एक्टिव चल रहे हैं। वहीं स्वस्थ होने के बाद 38 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। अब तक 160371 लोगों की जांच कराई जा चुकी है। इसमें 1569 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है। वहीं 528 सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।