हसनपुर(अमरोहा)। मुंबई से आए संक्रमित बारबर की चार माह की मासूम बच्ची, पत्नी व परिवार के नौ लोगों समेत सोलह लोगों को क्वारंटीन किया है। जिनकी कोरोना जांच कराई जाएगी। इसको लेकर मोहल्ले के लोगों में खलबली मची हुई है। तहसील क्षेत्र में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
बताते हैं कि तीस मई को मुंबई में सैलून चलाने वाला तीस वर्षीय युवक चार माह की मासूम बच्ची, पत्नी व भाई के साथ मुंबई से लौटा था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डा. अमित बरू के मुताबिक दोनों भाइयों को गजरौला के संजीवनी हॉस्पिटल में क्वारंटीन कराया गया था। जबकि चार माह की बच्ची व पत्नी को घर भेज दिया था। क्वारंटीन किए गए दोनों भाइयों की जांच कराई गई तो उनमें से एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि दूसरे की निगेटिव है। इसके बाद अब घर भेजे गए पत्नी व मासूम बच्ची समेत परिवार के नौ लोगों को क्वारंटीन कराया गया। इसके आसपास के सात लोगों को भी क्वारंटीन कराया है। जिनके संपर्क में पत्नी व बच्ची आईं थी। सोलह लोगों की कोरोना जांच कराई जा रही है। यदि इनमें कोई पॉजिटिव आता है तो मोहल्ले को हॉटस्पॉट भी बनाना पड़ सकता है। उधर, मंगलवार को जब मोहल्ले में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची तो मोहल्ले के लोगों में खलबली मच गई।
भोजन की दिक्कत हुई तो आए मुंबई से
हसनपुर। मुंबई से संक्रमित होकर आए बारबर की मां का कहना है कि मुंबई में भोजन मिलने की भी दिक्कत होने लगी थी। खाने के भी लाले पड़ रहे थे। जितना इंतजाम था। उतने दिन वहां रहे। बहुत कोशिश कर ली कि घर ना जाना पड़े। लेकिन आर्थिक हालातों ने वापस आने पर मजबूर कर दिया।