अमरोहा। सदर तहसील को पुराने भवन से निजात दिलाने के लिए गुलड़िया में बन रहे तहसील भवन के निर्माण में तेजी आई है। इसके लिए शासन से 425.95 लाख रुपये की दूसरी किस्त भी जारी हो गई है। उम्मीद है कि भवन जल्द तैयार होने के बाद तहसील अपने नए भवन में स्थानांतरित हो सकेगी।
अमरोहा सदर तहसील शहर के मोहल्ला शिवद्वारा में भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में संचालित होती है। तहसील तक पहुंचने के लिए लोगों को कड़ी मशक्कत तो करनी पड़ती ही है, साथ ही उसका भवन में जर्जर हाल हो चुका है। जिसमें हादसे का भय बना रहता है। लगभग एक साल पहले ग्राम गुलड़िया में तहसील के लिए सरकारी भूमि का चयन कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। जिसको शासन ने मंजूरी मिली थी। करीब बीस बीघा जमीन में तैयार हो रही तहसील भवन के निर्माण का जिम्मा यूपी प्रोजेक्ट काॅरपोरेशन लिमिटेड को सौंपा गया था। भवन निर्माण के लिए कुल 975.12 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। शुरुआत में पहली किस्त के रूप में 124.93 लाख रुपये जारी किए गए थे। जिसका उपभोग प्रमाण पत्र दिए जाने के बाद शासन द्वारा 425.95 लाख रुपये की दूसरी किस्त जारी की गई है। दूसरी किस्त जारी होने के बाद तहसील भवन के निर्माण के काम में तेजी आई है, जिसका काम पूरा होने के बाद तहसील को अपने पुराने जर्जर भवन से छुटकारा मिल सकेगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र सिंह ने बताया कि तहसील के नए भवन निर्माण के लिए शासन द्वारा दूसरी किस्त जारी हो गई है। उम्मीद है कि निर्धारित समय में तहसील भवन के निर्माण का काम पूरा हो सकेगा।
-