आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव में दादी की डांट से क्षुब्ध होकर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। क्षेत्र के गांव में मजदूर का परिवार रहता है। मजदूर ईंट भट्ठे पर काम करता है।
उसकी 18 वर्षीय पुत्री मंगलवार सुबह घर पर ही थी। बताया जाता है कि किसी बात को लेकर उसकी दादी ने उसे डांट दिया था। जिसके बाद युवती ने घर के ही कमरे में पंखे से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक युवती कमरे से बाहर नहीं निकली तो दादी ने कमरे में जाकर देखा होश उड़ गए।
शोर मचाने पर परिजनों ने उसे नीचे उतारा। हालांकि, परिजन उसे स्थानीय चिकित्सक के यहां ले गए, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि इस तरह का कोई मामला संज्ञान में नहीं है यदि ऐसा हुआ है तो जांच कराई जाएगी।