अमरोहा। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंड और गलन बढ़ गई है। मंगलवार को अमरोहा वासियों को सर्दी के सितम ने परेशान किया। गिरते पारे के बीच फिजा में कोहरा छाने लगा हैं। इससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सुबह के समय धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद सूर्यदेव आसमान में छाई धुंध के आगोश में समा गए। इस दौरान बर्फीली ठंठ ने लोगों को परेशान किया।
मंगलवार को सामान्य दिनों के मुकाबले में ठंड और गलन अधिक रही। ठिठुरन ने जिंदगी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। सुबह में ग्यारह बजे के बाद दिन भर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। आसमान में धुंध छाई रही। लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों के साथ शॉल और कंबल ओढ़कर घरों से बाहर निकलते देखे गए। पहाड़ी क्षेत्रों पर हुई बर्फबारी का असर चुभन देता रहा। पैरों में गलन फैलने लगी। बुजुर्ग और बच्चे घरों में दुबके रहे। अचनाक हुई कड़ाके की सर्दी से हर शख्स परेशान दिखा। बावजूद इसके प्रशासन ने नगर पालिका या नगर पंचायतों में अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की है।