सैदनगली/रहरा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ.योगेंद्र सिंह ने टीम के साथ गांव ढक्का मोड़ पर स्थित दो निजी अस्पतालों को सील किया है। संचालकों को नोटिस जारी किया है। चेतावनी दी गई है कि यदि पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज पेश नहीं जाते तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सैदनगली क्षेत्र के लोगों द्वारा पिछले कई दिनों से शिकायत की जा रही थी कि ढक्का मोड़ पर कई निजी अस्पताल अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। शिकायत मिलने पर सीएमओ बुधवार को टीम के साथ ढक्का मोड़ पर पहुंच गए। यहां स्थित आलिया नर्सिंग होम और सिमरन नर्सिंग होम पर जाकर संचालकों से पंजीकरण संबंधित दस्तावेज मांगे। लेकिन कोई दस्तावेज नहीं दिखाया जा सका। इसी के चलते दोनों अस्पतालों को सील कर दिया गया है। इसके बाद सीएमओ रहरा सीएचसी पहुंचे और निरीक्षण किया। जिसमें पाया कि तीन स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित हैं। सीएमओ ने बताया कि ढक्का मोड़ पर दो अस्पतालों को सील किया गया है। वहीं रहरा सीएचसी में स्टाफ नर्स मेघना, रश्मी और बाबरा अनुपस्थित मिले हैं। जिन्हें नोटिस जारी किया गया है। चेतावनी दी है कि यदि कोई भी ड्यूटी में लापरवाही बरतेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही किसी भी स्तर पर सहन नहीं की जाएगी।