अमरोहा। मुरादाबाद में बैठक निपटाकर कार से गाजियाबाद के लिए निकले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में अमरोहा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट दिखा। डिडौली से लेकर ब्रजघाट तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस-पीएसी बल तैनात रही। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जोया सहित मुख्य चौराहों को पूरी तरह सील कर दिया गया। हाईवे से जुड़े सभी सड़कें और मार्गों को ब्लॉक कर दी गईं। मुख्यमंत्री के निकलने तक करीब एक घंटे राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि मुख्यमंत्री के निकलते ही ट्रैफिक को परी की तरह बदस्तूर जारी कर दिया। मुख्यमंत्री की जिले सकुशल रवानगी के बाद अफसरों ने राहत की सांस ली।
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुरादाबाद पहुंचे थे। यहां उन्होंने मुरादाबाद सर्किट हाउस पहुंच भाजपा जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। मौसम की गड़बड़ी के चलते मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर की जगह गाजियाबाद के लिए सड़क मार्ग से गए थे। मुख्यमंत्री के कार से गाजियाबाद निकलने का मैसेज फ्लैश होते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मचा गया। आनन-फानन में डीएम उमेश मिश्रा और एसपी सुनीति ने तत्काल पुलिस और पीएसी को जोया में तैनात कर दिया। इसके अलावा डिडौली से लेकर ब्रजघाट तक संबंधित थाना फोर्स को अलर्ट कर दिया। थोड़ी ही देर में पुलिस-पीएसी ने हाईवे को अपने कब्जे में ले लिया। हाईवे से शहर-कस्बा और गांव को जोड़ने वाले मार्गों को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान अमरोहा, संभल, अतरासी, गजरौला चौपला, भानपुर फाटक पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान हाईवे क्रॉस करने वालों राहगीरों को भी रोक दिया गया। इस दौरान आईजी रमित शर्मा की गाड़ी मुख्यमंत्री के काफिले से करीब पांच सौ मीटर आगे सतर्क करती चल रही थी। करीब साढ़े छह बजे मुख्यमंत्री का काफिला जोया से गुजरा। अफसरों से लेकर नेताओं तक के करीब पच्चीस वाहन आगे-पीछे दौड़ते गुजरे।