नौगावां सादात/अमरोहा। मुस्लिमों के आरक्षण के लिए संविधान में संशोधन किया जाना चाहिए। यह काम केंद्र सरकार ही कर सकती है। हम प्रदेश की योजनाओं में मुस्लिमों को 20 फीसदी लाभ दे रहे हैं। साथ ही चाहते हैं कि आबादी के हिसाब से सबको आरक्षण का लाभ मिले। यह बातें बृहस्पतिवार को नौगावां सादात में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के चेयरमैन मौलाना जावेद आब्दी के भाई सिराज आब्दी के दावत-ए-वलीमा में शामिल होने आए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कही। वे हेलीपैड पर आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे।
राजभवन और कैबिनेट मंत्री आजम खां के बीच टकराव से संबंधित सवाल के जवाब में कहा कि, मेरे राज्यपाल से अच्छे संबंध हैं। जल्द ही आजम खां और राज्यपाल के बीच की गलफहमियां दूर कराकर दोनों के संबंध सुधरवा दूंगा। इस दौरान सीएम ने अपनी उपलब्धियां भी गिनाईं।
बोले कि, चार साल में हमने अपने सभी वादे पूरे कर दिए हैं। किसानों को सिंचाई, बीमा की सुविधाएं दी हैं। प्रेस वार्ता में उन्होंने बसपा और भाजपा पर निशाना भी साधा। कहा कि, पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने हाथी की मूर्तियों पर करोड़ों रुपये बर्बाद कर दिए। इससे विकास नहीं होता। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे दिन के वादे पर भी तंज कसा। कहा कि, कहां आए अच्छे दिन। जनता भाजपा-बसपा को समझ चुकी है।