अमरोहा। जिले के दस राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त स्कूलों में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत कार्य कराए जाएंगे। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन स्कूलों में होने वाले कार्यों का वर्चुअल रूप से शिलान्यास किया। कलक्ट्रेट में आयोजित हुए कार्यक्रम में सीएम का संबोधन भी सुना गया।
जिले के राजकीय इंटर कालेज धनौरा उर्फ मुरादनगर, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज गजरौला, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बछरायूं, राजकीय हाईस्कूल खुंगावली, राजकीय हाईस्कूल ढयौटी, राजकीय हाईस्कूल अल्लीपुर खादर, राजकीय हाईस्कूल रहरई, राजकीय हाईस्कूल देहरी गूर्जर, राजकीय इंटर कॉलेज बांस का कला, राजकीय इंटर कालेज, मिठ्ठेपुर कलां अमरोहा में स्वच्छ पेयजल सुविधा, शौचालय का निर्माण, बहुद्देशीय हॉल एवं पुस्तकालय कक्ष आदि का निर्माण कराया जाएगा। शासन द्वारा निर्माण कार्य के लिए प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत 349.72 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। पहली किस्त के रूप में 174.86 लाख रुपये की राशि प्राप्त हो गई है।
इसके अलावा अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय श्रीमती सुखदेवी इंटर काॅलेज हसनपुर में सात कक्ष, शौचालय ब्लॉक्स एवं बाउंडरी वॉल आदि निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसके लिए शासन द्वारा 122.96 लाख का बजट स्वीकृत किया गया है। जिसके पहली किश्त के रूप में 36.88 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। कलक्ट्रेट में सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। शिक्षक विधायक डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश गोला ने कहा कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बरती जानी चाहिए। एडीएम न्यायिक माया शंकर यादव ने विचार रखे। डीआईओएस डॉ. विष्णु प्रताप सिंह ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक अमरेंद्र प्रताप सिंह, जीआईसी अमरोहा के प्रधानाचार्य ललित कुमार, पवन कुमार त्यागी, सतीश कुमार, कुमकुम आदि मौजूद रहे।