हसनपुर (अमरोहा)। बिना पंजीकरण और बिना डॉक्टर से संचालित बाल क्लीनिक को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहुंचकर सील कर दिया है। उसमें भर्ती बच्चों को दूसरे निजी अस्पताल में शिफ्ट कराया गया है।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि पूठ रोड पर स्थित एक क्लीनिक अवैध रूप से संचालित है। बताया गया कि जहां पर शिशुओं को मशीनों में रखकर उपचार किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो बाल क्लीनिक पर कोई चिकित्सक नहीं मिला, जबकि उसका एक सहायक वहां मौजूद मिला। टीम ने क्लीनिक के भीतर एक कमरे में जांच की, जहां मशीन में चार नवजात शिशु रखे हुए थे। वहां पर शिशुओं के परिजन मिले। वहां भर्ती शिशुओं को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कराया गया।
सीएचसी प्रभारी डा.ध्रवेंद्र सिंह का कहना है कि अवैध रूप से चल रहे बाल क्लीनिक को सील कर दिया है। संचालक को नोटिस जारी किया गया है। तीन दिन पूर्व भी हसनपुर में अवैध रूप से संचालित पांच क्लीनिक व उनकी ओटी को सील किया गया है।