हसनपुर(अमरोहा)। क्षेत्र के गांव अंधेरपुरी में अपनी मां के साथ चारा मशीन पर चार कटवा रही कक्षा 8 की छात्रा रेनू (13) हादसे का शिकार हो गई। वह इंजन की कपलिंग में फंसकर बुरी तरह से घायल हो गई। जिसे चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
क्षेत्र के गांव अंधेरपुरी में किसान सोमपाल सिंह का परिवार रहता है। वह पत्नी एवं चार बच्चों के साथ रहते हैं। बड़ी बेटी रेनू पास के ही सुशील पोसवाल इंटर कॉलेज ब्रह्मबाद में कक्षा आठ की छात्रा थी। शनिवार की शाम वह अपनी मां के साथ चारा मशीन पर पशुओं के लिए चारा कटवा रही थी। छात्र रेनू ने इंजन की रेस कंट्रोल करने के लिए मशीन के पास ही खड़ी थी। इसी बीच रेनू इंजन की कपलिंग की चपेट में आकर बुरी तरह से घायल हो गई। शोर शराबा मचने पर इंजन को बंद किया गया।
घायल छात्रा को पास के ही निजी चिकित्सक को दिखाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा चार बहन भाइयों में तीसरे नंबर की थी। बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।