गजरौला। नगर के मोहल्ला आंबेडकर नगर में रंजिश में दो पक्षों के खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव भी हुआ। पुलिस भी मौके पर जा पहुंची। बाद में दोनों पक्ष घायलावस्था में पहले थाने और बाद में सीएचसी पहुंचे। यहां भी हंगामा हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है।
शनिवार की देर शाम संघर्ष की यह घटना नगर के मोहल्ला आंबेडकर नगर में हुई। यहां एक पक्ष के राहुल, गौरव, गोपाल, जयपाल, महेंद्र तथा दूसरे पक्ष के शिवकुमार, भूप सिंह, अक्की आदि के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर चढ़ाई कर दी। इस दौरान वहां जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव भी हो गया। इसमें दोनों पक्षों के दस से अधिक लोग घायल हो गए। एक पक्ष की महिला कैलाशो देवी ने दूसरे पक्ष पर दो सप्ताह हुए विवाद के चलते गालीगलौज करने का आरोप लगाया तो दूसरे पक्ष ने हमलावर पक्ष पर मोहल्ले में शराब बेचने और विरोध पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया। घायलों का सीएचसी में मेडिकल कराया गया। डा.योगेंद्र सिंह ने बताया कि गई घायल शराब के नशे में थे। रात साढ़े आठ बजे कस्बा चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार ने बताया कि अभी किसी भी पक्ष की तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।