अमरोहा। यूपीटीईटी के पहले दिन परीक्षा संपन्न होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। दोनों पालियों की परीक्षा समाप्त होते ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलने के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया। टीपी नगर चौराहा, बिजनौर रोड, जोया ओवरब्रिज और नानकचंद रोड पर वाहन घंटों तक रेंगते रहे। जाम के चलते राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर यूपीटीईटी आयोजित की जा रही है। परीक्षा के मद्देनजर यातायात पुलिस ने पहले से रूट डायवर्जन योजना लागू की थी, जिससे दिनभर यातायात सामान्य बना रहा। हालांकि पहली पाली के समाप्त होने के बाद दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली खत्म होने पर शाम करीब पांच बजे अचानक हजारों अभ्यर्थी एक साथ सड़कों पर आ गए। इससे शहर में वाहनों का दबाव तेजी से बढ़ गया और टीपी नगर चौराहा पूरी तरह जाम की चपेट में आ गया।
चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों के एक साथ पहुंचने से जोया रोड स्थित ओवरब्रिज, बिजनौर रोड, नानकचंद रोड और गांधी मूर्ति से लेकर जोया ओवरब्रिज तक करीब एक किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। कई स्थानों पर पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया, जबकि वाहन धीमी गति से रेंगते हुए आगे बढ़ते रहे। स्थिति बिगड़ने पर यातायात पुलिस और सिविल पुलिस ने मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने चौराहों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित कर कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। करीब काफी देर बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। सीओ सिटी डॉ. प्रदीव कुमार ने बताया कि आगामी परीक्षा दिवसों में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
जाम में 15 मिनट फंसी रही एंबुलेंस
टीपी नगर चौराहे पर जाम के दौरान एक एंबुलेंस करीब 15 मिनट तक जाम में फंसी रही, जिससे मरीज और उसके तीमारदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर सक्रिय हुई यातायात पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों को व्यवस्थित कराया और एंबुलेंस को सुरक्षित बाहर निकाला।
जाम में फंसे स्कूली वाहन, मासूम बच्चों को भी झेलनी पड़ी परेशानी
यूपीटीईटी परीक्षा के पहले दिन शहर के टीपी नगर चौराहे और आसपास के मार्गों पर लगे भीषण जाम का असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ा। सुबह स्कूल जाने के समय कई स्कूल बसें और वैन जाम में फंस गईं, जिससे वाहनों में बैठे मासूम बच्चों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। तेज गर्मी और यातायात के दबाव के बीच बच्चे परेशान नजर आए। वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में यातायात पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया, जिसके बाद स्कूली वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सके।