अमरोहा। दीपावली पर हुई आतिशबाजी का धुआं अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। पटाखों से निकले जहरीले धुएं के कारण शहर की हवा की गुणवत्ता अचानक बिगड़ गई है। दिवाली से पहले जहां जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 93 दर्ज किया गया था, वहीं आतिशबाजी के बाद यह बढ़कर 160 के पार पहुंच गया। हवा में धूल, कार्बन और अन्य सूक्ष्म कणों की मात्रा बढ़ने से लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी होने लगी है। सबसे ज्यादा दिक्कत सांस के रोगियों, बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है।
पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत छह नवंबर से हुई थी। इसके साथ ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में पटाखे फोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया। छोटी दिवाली से लेकर मुख्य दिवाली तक जमकर आतिशबाजी की गई। रविवार रात पटाखों का सबसे ज्यादा इस्तेमाल हुआ। इसके चलते रातभर हवा में धुआं फैलता रहा। सोमवार सुबह कई इलाकों में धुएं की सफेद परत दिखाई दी।
क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी जीसी आर्य के अनुसार दीपावली पर बड़े पैमाने पर हुई आतिशबाजी से प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ गया। पटाखों से निकले धुएं और हानिकारक कणों ने वातावरण को प्रदूषित कर दिया। दीपावली से पहले छह नवंबर को एक्यूआई 93 था, लेकिन आतिशबाजी के बाद इसमें अचानक उछल कर 160 पहुंच गया। जबकि सामान्य रूप से एक्यूआई 100 से नीचे रहना चाहिए।
-
गले में खराश और लगातार खांसी से बढ़ी परेशानी
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. चरन सिंह का कहना है कि प्रदूषित हवा का सबसे ज्यादा असर सांस के मरीजों पर पड़ता है। हालांकि, खराब हवा से स्वस्थ लोग भी प्रभावित हो रहे हैं। लोगों में गले में खराश, लगातार खांसी और जुकाम की शिकायत बढ़ रही है। कुछ लोगों को बुखार के साथ खांसी और जुकाम की समस्या पांच से सात दिन तक बनी रह रही है। आतिशबाजी के बाद धुएं और प्रदूषण के कारण इन समस्याओं में और इजाफा हो सकता है। चिकित्सकों ने लोगों को प्रदूषित वातावरण में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, सुबह-शाम की सैर से परहेज करने और धुएं के सीधे संपर्क में न आने की सलाह दी है। सांस के मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। आंखों में जलन या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी गई है।