गजरौला। चिटफंड कंपनी महिलाओं के दस लाख रुपये लेकर भाग गई। कंपनी 60 हजार रुपये का लोन कराने का झांसा देकर 36 सौ रुपये वसूल करती थी। पीड़ित महिलाओं ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
बृहस्पतिवार को हसनपुर निवासी सकीना, रहीसा, शबनम, सरिता, इसराईल, शहाना, शबनम, संजीदा, ममता देवी आदि महिलाएं थाने पहुंचीं। यहां उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में कहा कि गजरौला में लक्ष्मी नगर मोहल्ले में हाईवे किनारे एक निजी स्कूल वाली गली में रॉयल माइक्रो फाइनेंशियल नाम की चिटफंड कंपनी का कार्यालय था। इस कंपनी के जुड़े लोग घर-घर जाकर महिलाओं को 60 हजार रुपये का लोन कराने का झांसा देते थे। उनसे 3600 रुपये प्रति महिला के हिसाब से वसूल करते थे। चिटफंड कंपनी के कहने पर 200 महिलाओं ने अपने समूह बनाए। प्रत्येक समूह में दस-दस महिला शामिल की गईं। बीते तीन दिन से कार्यालय बंद है। उस पर ताला लटका हुआ है। कंपनी के अधिकारियों के फोन बंद आ रहे हैं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि कंपनी दस लाख रुपये लेकर भाग गई है। पुलिस से कार्रवाई की मांग की। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।