अमरोहा-जोया मार्ग पर बाल पथ संचलन निकालते राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विद्यार्थी। संवाद
अमरोहा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान बाल पथ संचलन शहर में धूमधाम व हर्षोल्लास से निकाला गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप जलाकर हुई। गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों के बलिदान की याद में बाल पथ संचलन निकाला गया। पथ संचलन जोया रोड स्थित बैंक्वेट हाॅल से शुरू होकर रानी नगर, बंबूगढ़, सुबोध नगर, बदावाला, रोडवेज बस स्टैंड व बंबूगढ़ चौराहा होते हुए शिवानी बैंक्वेट हॉल पर संपन्न हुआ।
ढोल-नगाड़ों की धुन पर भारत माता की जय के नारे लगाए। पथ संचलन का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में कुटुंब प्रबोधन प्रमुख संभल विभाग महावीर सिंह ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह के परिवार के बलिदान की याद में पथ संचलन निकाला गया है। एक सप्ताह में गुरु गोविंद सिंह का पूरा परिवार बलिदान को गया था। हिंदू धर्म की रक्षा में किया गया उनका बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।
इस दौरान नगर विद्यार्थी प्रमुख निखिल चंदेल, नगर कार्यवाह राजू कुमार, अजय कुमार, आदित्य, राजेंद्र, गौरव, टिंकू, डॉ. भूपेंद्र आदि मौजूद रहे। वहीं नौगांवा सादात में भी पथ संचलन निकाला गया।