डिडौली और हसनपुर क्षेत्र में जानलेवा बुखार का कहर लोगों पर टूट पड़ा। 24 घंटे के भीतर इसने तीन जिंदगियों को निगल लिया। डिडौली गांव में तीन दिन से बुखार से तप रही छात्रा आखिरकार मौत से हार गई, वहीं इसी गांव में संभल के मांव मथावली का रहने वाले बुजुर्ग की बेटी के यहां बुखार से मौत हो गई।
हसनपुर के रहरा अड्डे पर कई माह से बीमार चल रहे बुजुर्ग की मौत हो गई। एक अन्य घटनाक्रम में ढबारसी क्षेत्र में बुखार पीड़ित बच्ची की झोलाछाप के इंजेक्शन से तबीयत बिगड़ गई। बाद में उसकी मौत हो गई।
डिडौली गांव निवासी सरिता (8) पुत्री राजेंद्र प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी। बताते हैं कि तीन दिन पहले उसको बुखार आया। इस पर परिजनों ने निजी चिकित्सक के यहां से दवा ली, लेकिन उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। सोमवार शाम के वक्त परिवार के लोग उसे लेकर दूसरे डाक्टर के पास जा रहे थे, मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। दूसरी दुखद घटना भी इसी गांव में हुई।
जनपद संभल के गांव मथावली का रहने वाला सरगाजी (60) दस दिन पहले अपने दामाद रोहताश के घर आया था। दो दिन बाद ही उसको बुखार आ गया। इसके बाद परिजनों ने दवा दिलाई, लेकिन तबीयत नहीं सुधरी। बताते हैं कि रविवार रात करीब ढाई बजे उसकी मौत हो गई। इससे परिवार के लोग गम में डूब गए और रोने बिलखने लगे। परिजनों ने दोनों ही मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। गांव में शाकिर, सुल्ताना, आसिफ, जहरा, दिनेश आदि भी बुखार से पीड़ित हैं। दो मौत से ग्रामीणों में दहशत है।
इंजेक्शन से बिगड़ी बुखार पीड़ित की तबीयत, मौत
ढबारसी(ब्यूरो)। आदमपुर थाना इलाके में झोलाछाप की ओर से इंजेक्शन लगाने के बाद बुखार पीड़ित बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। बाद में उसकी मौत हो गई। बच्ची के मरने की सूचना पर झोलाछाप दुकान बंदकर भाग गया। बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
गांव आदमपुर का मजरा बहादरपुर निवासी जयपाल की पांच वर्षीय बेटी रितिका को शनिवार को सुबह के समय बुखार आया था। गांव के ही झोलाछाप से दवाई ली गई। लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ है। रविवार शाम को बच्ची को तेज बुखार हो गया। परिजन बच्ची को लेकर झोलाछाप के पास पहुंचे तो उसने बच्ची को इंजेक्शन लगा दिया और भेज दिया। कहा कि थोड़ी देर में बच्ची का बुखार नार्मल हो जाएगी।
घर पहुंचते ही बच्ची की तबीयत और बिगड़ गई। थोड़ी देर में ही उसने दम तोड़ दिया। बच्ची के मरने की सूचना मिलते ही झोलाछाप दुकान बंदकर फरार हो गया। परिजन दुकान पर पहुंचे तो झोलाछाप गायब था। हालांकि बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। पुलिस को जानकारी दी गई है। झोलाछाप की तलाश की जा रही है।