अमरोहा। मंगलवार (आज) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रहरा के श्री प्रकाश वीर शास्त्री इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए प्रशासन सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। 24 दिन के भीतर तीसरी बार मुख्यमंत्री अमरोहा आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री 12 बजे जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। इसके बाद करीब 45 मिनट जनता को संबोधित करेंगे। सोमवार को डीएम राजेश कुमार त्यागी और एसपी कुंवर अनुपम सिंह समेत आला अधिकारियों ने जनसभा स्थल का मुआयना किया। हेलीपैड स्थल और मैदान का निरीक्षण किया। जनसभा स्थल के आसपास ड्यूटी लगा दी गई है। सुरक्षा में 750 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। जिसमें पांच एएसपी और सात सीओ शामिल हैं। अर्धसैनिक बल और पीएएसी कर्मी भी मुस्तैद रहेंगे।
जनसभा को लेकर प्रशासन ने रहरा रोड पर यातायात को डायवर्ट कर दिया है। टीएसआई धर्मेंद्र खोखर ने बताया कि जनसभा के दौरान रहरा रोड बंद कर दिया जाएगा। ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गाें से गुजारा जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष उदयगिरी गोस्वामी ने बताया कि मुख्यमंत्री दोपहर बारह बजे रहरा जनसभा करेंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
इस तरह निकाला जाएगा टैफिक
- संभल-गंवा की तरफ से रहरा की तरफ से निकलने वाले सभी हैवी ट्रैफिक डाइवर्ट किया जाएगा।
- गंवा से रहरा होकर हसनपुर-गजरौला को जाने वाले सभी वाहनों को आदमपुर मोड़ से डायवर्ट करके ढबारसी की तरफ भेज दिया जाएगा, जो उझारी होकर अपने गंतव्य जाएगा।
- हसनपुर से गंवा को जाने वाला पूरा ट्रैफिक डायवर्ट करके सैदनगली की तरफ भेजा जाएगा, जो नखासा व असमोली होकर अपने गंतव्य को जाएगा।
- यदि हसनपुर या अन्य कहीं से भी कोई ट्रैफिक रहरा की तरफ आ जाता है तो उसे बुरावली से डायवर्ट करके उझारी की तरफ भेजा जाएगा।
नोट:- हसनपुर से आदमपुर मोड़ तक पूरे रोड का ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। जिस पर केवल जनसभा से जुड़े वाहनों को भेजा जाएगा। अन्य वाहनों का इस मार्ग पर कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रवेश वर्जित रहेगा।