अमरोहा। दूसरे चरण के लिए होने वाले चुनाव के लिए 25 अप्रैल को पोलिंग पार्टियां मंडी समिति परिसर से रवाना होंगी। इसकी तैयारियों को लेकर डीएम ने सोमवार को पोलिंग पार्टी रवानगी एवं स्ट्रांग रूम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गाड़ियों के खड़ी करने के लिए विधानसभा वार व्यवस्था की जाए। कहा कि पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री हासिल करने में कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए।
दूसरे चरण के चुनाव से एक दिन पहले 25 अप्रैल को पोलिंग पार्टियों की रवानगी की जाएंगी। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। सोमवार को व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए डीएम ने मंडी समिति परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मंडी परिसर में वाहनों के लिए उचित प्रबंध होना चाहिए। सभी वाहनों के लिए विधानसभा वार पार्किंग की व्यवस्था की जाए। कहीं जलभराव की स्थिति न हो, इसके लिए पहले ही जेसीबी से जमीन को समतल करा दें। उन्होंने ईवीएम वीवीपैट रखने के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम में कोडिंग का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री प्राप्त करने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी टेबल पर विधानसभा का नाम एवं संख्या का उल्लेख होना चाहिए। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र सिंह, एसडीएम सदर सुधीर कुमार सिंह, एसडीएम विभा श्रीवास्तव, एसडीएम नौगांवा सादात बृजपाल सिंह, पुष्करनाथ चौधरी आदि मौजूद रहे।