मंडी धनौरा। बीते रविवार को जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान शराब के नशे में मिले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमेलपुर के डॉ.विजय कुमार को बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक ने एकतरफा कार्यमुक्त कर दिया है। डॉ.विजय कुमार ने अभी वहां का चार्ज नहीं छोड़ा है। अधीक्षक की ओर से वहां मरीजों के उपचार के लिए आयुष चिकित्सक की तैनात कर दी गई है।
रविवार को जिलाधिकारी बीके त्रिपाठी ने सीएचसी व पीएचसी कमेलपुर का निरीक्षण किया था। डीएम को निरीक्षण के दौरान पीएचसी कमेलपुर के चिकित्सक शराब के नशे मिले थे। मेडिकल जांच में शराब के सेवन की पुष्टि हुई थी। इस मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी राजीव सिंहल ने चिकित्सक विजय कुमार को पीएचसी कमेलपुर से हटाकर रहरा भेज दिया था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा. मनदीप कुमार ने बताया कि सीएमओ के आदेश का पालन करते हुए डॉ. विजय कुमार को एकतरफा कार्यमुक्त कर दिया गया है। उन्होंने सीएमओ से वार्ता किए बगैर चार्ज छोड़ने से इन्कार कर दिया था। अधीक्षक ने बताया कि कमेलपुर पीएचसी पर मरीजों के उपचार के लिए आयुष चिकित्सक सीताराम की तैनाती वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में कर दी है।