गजरौला (अमरोहा)। रेलवे के ई-टिकट बेचने को अधिकृत कई जनसेवा केंद्रों पर अवैध तरीके से पर्सनल आईडी पर मनमानी दरों पर ई- टिकटों की बिक्री का धंधा जारी है। मंडल मुख्यालय से मिली सूचना के आधार पर आरपीएफ थाने के स्टाफ ने मंडी धनौरा के गांव कुआंखेड़ा में एक जनसेवा केंद्र पर छापा मारकर केंद्र संचालक को रंगेहाथों पकड़ लिया। मौके से साढ़े 11 हजार रुपये के पुराने ई -टिकट भी बरामद हुए। गजरौला लाकर उसका रेलवे एक्ट की धाराओं में चालान किया गया है।
सोमवार की रात साढ़े आठ बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन पर स्थित आरपीएफ थाने के इंस्पेक्टर सुभाष विश्नोई ने बताया कि जनपद में कई जनसेवा केंद्रों पर अवैध तरीके से पर्सनल आईडी पर रेलवे के ई-टिकट मनमानी दरों पर बेचे जाने की शिकायतें मिल रहीं थी। मंडल मुख्यालय से प्राप्त सूचना पर स्थानीय आरपीएफ थाने में एसआई रघुवंश सिंह सिविल ड्रेस में यात्री बनकर सोमवार को मंडी-धनौरा-अमरोहा रोड पर स्थित गांव कु आंखेड़ा में प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के सामने श्री बालाजी साइबर कैफे पर पहुंचे। वहां मौजूद संचालक राजीव कुमार गुप्ता निवासी गांव चकवासीपुर थाना मंडी धनौरा से ई- टिकट बनाने को कहा। इंस्पेक्टर के मुताबिक राजीव कुमार गुप्ता ने एजेंट आईडी की बजाय पर्सनल आईडी से टिकट बनाने शुरू कर दिए। इस पर आरपीएफ की टीम ने उसे वहीं दबोच लिया। मौके से ई -टिकटों के साथ ही लैपटॉप, मोबाइल आदि भी बरामद हुए। इसके बाद टीम उसे पकड़कर गजरौला ले आई। मंगलवार की सुबह उसे कोर्ट में पेश करने ले जाया जाएगा।