हसनपुर। लगातार बारिश के चलते आदमपुर और हसनपुर क्षेत्र में तीन स्थानों पर मकान और पशुशालाओं की दीवारें व छत ढह गईं। हादसों में एक परिवार के चार लोग और दो मवेशी घायल हो गए, जबकि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। नंगलिया मुंशी में मकान की छत गिरने से परिवार बाल-बाल बच गया।
आदमपुर क्षेत्र के मझरा आशकपुर निवासी बजन सिंह, पत्नी सरोज देवी और बच्चे दीपांशी व अबिया रविवार सुबह करीब चार बजे पशुशाला में सो रहे थे। बारिश के चलते पशुशाला और घर की दीवार के साथ टिन शेड भरभराकर गिर गया। चारों मलबे में दब गए। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें निकालकर एंबुलेंस से रहरा सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत स्थिर होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। हादसे में दो मवेशी घायल और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
मुबारिजपुर गांव में किसान करन सिंह की पशुशाला भी बारिश की नमी के कारण ढह गई। घटना के समय कोई मौजूद नहीं था। वहीं नंगलिया मुंशी में शनिवार रात करीब 2:30 बजे अनीता देवी तीन बच्चों के साथ घर में सो रही थीं। मकान की छत का हिस्सा गिर गया, लेकिन परिवार दूसरे हिस्से में होने के कारण बाल-बाल बच गया। लगातार बारिश से जर्जर मकानों और पशुशालाओं के ढहने का खतरा बढ़ गया है।
बारिश की वजह से गिरे घरों व पशुशाला में हुए नुकसान का आंकलन कराया जाएगा। पात्र लोगों को मुआवजा दिलाया जाएगा।
-हिमांशु उपाध्याय, एसडीएम हसनपुर