कारोबारी के बंद घर से नौ लाख की नकदी चोरी हो गई। घटना के समय परिवार के लोग मुरादाबाद एक रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। पुलिस को घटना की सूचना दी गई है।
सैदनगली नगर पंचायत में निवासी नाजिम अली का परिवार रहता है। उनका घर मुख्य बस अड्डे पर है। नाजिम की बाजार में कई दुकानें हैं। वह दुकानों को किराए पर उठाते हैं। रविवार रात को नाजिम अली परिवार के साथ मुरादाबाद में भांजी की शादी में गए थे। उनके घर पर ताला लगा था। रात में किसी समय चोरों ने उनके घर को निशाना बना लिया। छत के रास्ते घर में दाखिल हो गए। बाद में अलमारी में रखी नकदी चोरी करके फरार हो गए। सोमवार सुबह जब नाजिम शादी से घर लौटे, तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। अलमारी का लॉक टूटा था और उसमें रखे हुए नौ लाख रुपये गायब थे।
नाजिम ने बताया कि यह नकदी एक प्लाट खरीदने के लिए रखी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाएं। सीओ दीप कुमार पंत ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। उन्होंने स्थानीय पुलिस को जल्द ही घटना के खुलासे के निर्देश दिए। सीओ का कहना है कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।