गजरौला (अमरोहा)। पुलिस ने 18 माह के बेटे के साथ मेरठ की महिला, उसके पति और पति के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के घर कुर्की की कार्रवाई की। महिला ने भाई का एटीएम ले जाकर उससे 3.85 लाख रुपये निकाले थे। दो साल से पुलिस तीनों को तलाश कर रही थी।
सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि इरफाना गजरौला थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसकी शादी मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के भूमिया पुल शकूरनगर फूल वाली गली निवासी शोएब के साथ हुई है। इनफाना पर आरोप है कि दो साल पहले उसके भाई ने उसे एटीएम दिया था। इसे लेकर उसने पति शोएब और पति के दोस्त युसूफ के साथ मिल कर रुपये निकाल लिए। तीनों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मगर, तीनों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। तीनों कोर्ट में भी उपस्थित नहीं हुए। इसके चलते वारंटी घोषित कर दिए। पुलिस ने कोर्ट से तीनों के घर कुर्की की अनुमति प्राप्त की। सोमवार को इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह ने ब्रजघाट चौकी इंचार्ज नीतेंद्र वशिष्ठ के साथ पुलिस बल भेजा। तीनों के घर की कुर्की की। पुलिस ने इरफाना, शोएब और युसुफ को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को कोर्ट में पेश किया। इरफाना के साथ उसका 18 महीने का बेटा भी है।