अमरोहा। ससुराल वालों ने विवाहिता को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। विरोध करने पर मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अमरोहा नगर के मोहल्ला बटवाल में रहने वाले महबूब आलम की बेटी निगार की शादी 22 नवंबर 2020 को बिजनौर जनपद के नजीबाबाद थानाक्षेत्र के मोहल्ला डॉक्टर सुलेमान वाली गली में रहने वाले खालिद के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगे थे। दहेज में एक लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। विरोध करने पर मारपीट करते थे। 15 मार्च 2024 को पीड़िता ने मामले शिकायत महिला थाना पुलिस से की थी। जिसके बाद आरोपियों ने मुकदमा वापस नहीं लेने पर 24 घंटे के भीतर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने मामले की शिकायत नगर कोतवाली पुलिस से की। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में खालिद जैदी, अंसार जैदी, अमीर बानो, इरम जैदी, सफद जैदी, मरियम जैदी, मसरूर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
-