हसनपुर(अमरोहा)। वन विभाग की भूमि पर कब्जा कर धान की फसल लगाने की कोशिश करना ग्रामीणों को भारी पड़ गया। 13 लोगों को नामजद करते हुए 25 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
उप क्षेत्रीय वन अधिकारी सुमित राठी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 15 जुलाई को ग्राम बाटुपुरा में वन विभाग की सरकारी आरक्षित वन भूमि को जोतकर कुछ लोग धान की फसल की रोपाई की तैयारी की जा रही है। इसके बाद वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो पाया कि कुछ ग्रामीणों के द्वारा वन विभाग की भूमि पर स्थित वनस्पति को नष्ट कर, भूमि समतल कर रात के अंधेरे में भूमि की जुताई की और इसके बाद धान की पौध लगाने का प्रयास किया जा रहा था। जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी भाग गए।
इसके बाद सूचना देकर राजस्व लेखपाल बाटूपुरा को मौके पर बुलाया गया। आरोपियों द्वारा धान रोपाई वाली भूमि की राजस्व अभिलेखों से मिलान कर पुष्टि कराई गई। इससे ये स्पष्ट हुआ कि जिस भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी, वह वन विभाग की भूमि है। इसके बाद उस भूमि पर वन विभाग की टीम ने फसल को नष्ट करने का प्रयास किया तो आरोपी भारी संख्या में महिलाओं के साथ मौके पर पहुंचे और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए मौके पर कर्मचारियों से गाली-गलौज व झगड़ा किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर नन्हें, सोहन, गजेन्द्र, काविन्द्र, सतीश, ओमपाल, खेमचन्द्र, मोहन, दानवीर, विनोद, निरंजन, रमेश, महेन्द्र व 25 अज्ञात निवासी ग्राम बाटुपुरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।