रहरा (अमरोहा)।रहरा थाना क्षेत्र के दौरारा लिंक मार्ग पर पैदल जा रहे दो युवकों पर रंजिश के चलते बोलेरो चढ़ाकर एक की जान लेने के मामले में सियासत और पुलिसिया कार्रवाई तेज हो गई है। बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय विधायक महेंद्र खड़गवंशी ने गांव खेलिया खालसा पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। विधायक ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया, सांत्वना दी और आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि मंगलवार रात को पैदल जा रहे खेलिया खालसा निवासी रामनिवास (20) और सत्येंद्र को तेज रफ्तार बोलेरो ने कुचल दिया था। जिसमें रामनिवास की मौत हो गई थी।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने देर रात हसनपुर-रहरा मार्ग पर जाम लगाया था, जिसे एएसपी अखिलेश भदोरिया ने मौके पर पहुंच कर जाम खुलवाया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर भी परिजनों ने हंगामा किया था। आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की थी। पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में दो नामजद आरोपियों शिवम सागर और विक्रम निवासी सोंहत को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, मामले के अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार ठिकानों पर दबिश दे रही है। सीओ पंकज कुमार त्यागी का कहना है कि जल्द ही वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।