सैदनगली। कस्बे में आतिशबाजी को लेकर कुछ लोगों ने एक घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट और घर में तोड़फोड़ की गई महिलाओं के साथ बदतमीजी की गई इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कस्बा निवासी गुरुदत्त की बेटी सोनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सोमवार रात लगभग 10 बजे मोहल्ले के ही अनिकेत, रक्षक, मुनीत सहित कई लोग शराब के नशे में उनके घर के पास पटाखे जला रहे थे और तमंचे से फायर कर रहे थे। सोनी ने अपनी बीमार माता का हवाला देकर उन्हें दूर जाने को कहा, तो अनिकेत व रक्षक अपने साथियों के साथ जबरदस्ती घर में घुसकर उनके भाई गौरव व पिता गुरुदत्त के साथ मारपीट की। किसी तरह उन्हें घर से बाहर निकाला।
इसके बाद आरोपियों ने ईंट और पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिसके बाद परिवार ने दरवाजा बंद करके अपनी जान बचाई। इसके उपरांत, हमलावरों ने फोन करके अपने साथियों को और बुला लिया और फिर घर में घुसकर तोड़फोड़ की गई मारपीट की गई। मारपीट व पथराव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि अनिकेत, रक्षक, मुनीत, मयंक, आकाश, शौर्य, अमर सिंह, अंकुर, पुनीत को नामजद करते हुए तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।