अमरोहा। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वालों ने विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। चचेरे ससुर ने विवाहिता के साथ छेड़खानी की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मंडी धनौरा थानाक्षेत्र में निवासी कारोबारी ने अपनी बेटी की शादी 5 नवंबर 2020 को की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। चचेरा ससुर विवाहिता के साथ छेड़खानी करता था। विवाहिता ने शिकायत ससुराल वालों से की तो उल्टा उसी से मारपीट की गई। विवाहिता का पति विदेश में रहता था। 5 अप्रैल 2022 को उसने विवाहिता को भी अपने पास बुला लिया था। आरोप है कि पति एक अन्य लड़की से बात करता था। विवाहिता इसका विरोध करती थी तो मारपीट करता था। 25 जून 2022 को पति विदेश से लौट कर विवाहिता को मायके में छोड़कर वापस विदेश चला गया। दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत हुई लेकिन ससुराल वालों का रवैया नहीं सुधरा। इतना ही नहीं ससुराल वालों ने दूसरी लड़की से दुबई में बैठे पति की ऑनलाइन शादी करा दी।
विवाहिता ने शिकायत एसपी कुंवर अनुपम सिंह से की। उनके निर्देश पर महिला थाना पुलिस ने ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।