किसान के घर में घर में घुसकर वीडियो बनाने और 50 हजार रुपये की अवैध वसूली की कोशिश के आरोप में विद्युत एसडीओ, अवर अभियंता समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की है।
बुरावली बिजलीघर क्षेत्र से जुड़े गांव गंगवार निवासी मोहम्मद शादान ने कोर्ट में याचिका दी थी। बताया था कि उनके पिता इब्ने उमर के नाम दो किलो वाट का कनेक्शन है। जिसका वह नियमानुसार बिल जमा करते हैं। आरोप है कि 16 अक्टूबर 2024 को अवर अभियंता राजू गिरि, अरविंद कुमार गुप्ता उपखंड अधिकारी मीटर व तीन अज्ञात लोग उनके घर पहुंचे।
घर में घुसते ही बिजली चोरी की बात कहते हुए वीडियो बनानी शुरू कर दी। 50 हजार रुपये की मांग की जाने लगी। रुपये देने से मना करने पर मीटर की वीडियो बनाई गई। वीडियो बनाने से मना किया तो परिवार की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद बिजली चोरी का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। मामले में अब कोर्ट ने बिजली अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर बिजली विभाग के अवर अभियंता राजू गिरि और उपखंड अधिकारी अरविंद कुमार गुप्ता समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।