चंदौसी। मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मोहल्ला सुंदर निवासी शरद शर्मा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने मोहल्ले के ही नितेश कुमार व उसके पिता दिलीप अग्रवाल को एक प्लॉट खरीदने के लिए आठ लाख रुपये की धनराशि दी थी। लेकिन किसी कारणवश प्लॉट का बैनामा नहीं हो सका। जिस पर नितेश कुमार ने पीड़ित को आठ लाख रुपये का चेक दे दिया। जब भुगतान के लिए चेक को बैंक में लगाया गया, तो चेक बाउंस हो गया। इस मामले में पीड़ित ने दोनों पिता-पुत्र के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा दायर किया। इस बात से नाराज होकर पिता- पुत्र पीड़ित से रंजिश मानने लगे। बताया कि 19 दिसंबर को पीड़ित स्कूटर से सामान लेने बाजार जा रहा था। तभी रास्ते में कंपनी बाग में पिता-पुत्र ने उसका रास्ता रोक लिया और गाली गलौज करने लगे। गाली गलौज का विरोध करने पर दोनों ने पीड़ित के साथ मारपीट की। साथ ही दो लाख रुपये की रंगदारी वसूल करने और जान से मारने की धमकी दी।