आदमपुर। थाना क्षेत्र में दोस्त की हत्या के मामले में नामजद आरोपी की मौत के मामले में पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। हत्यारोपी का शव जंगल में फंदे से लटका मिला था। परिजनों ने गांव के ही पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था।
थाना क्षेत्र के गांव सिमथला निवासी अजय (19) पुत्र राम सिंह गांव निवासी दोस्त जितेंद्र पुत्र महावीर की हत्या के मामले में 16 अक्टूबर 2023 को जेल गया था। फिलहाल वह जमानत पर था और अपने गांव आया हुआ था। बीते शुक्रवार की शाम को वह अपने दादा से मिलने खेत पर गया था लेकिन देर रात भी नहीं लौटा था। तलाश करने पर उसका शव जंगल में पेड़ से फंदे पर लटका मिला था। परिजनों ने गांव के ही पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि मृतक के पिता राम सिंह की तहरीर पर गांव सिमथला निवासी गुड्डू, मुकेश, मलखान, जसवंत व बबलू के खिलाफ धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। संवाद
-