अमरोहा। बुजुर्गों की पेंशन के लिए अफसरों की कार्यशैली रोड़ा बन गई है। जिले के विभिन्न तहसील और ब्लॉक कार्यालयों में 207 फॉर्म का सत्यापन नहीं हो सका है। इसके चलते यह लोग वृद्धावस्था पेंशन से वंचित हो सकते हैं। तहसील, ब्लॉक और विकास भवन का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन एसडीएम और बीडीओ के स्तर से फॉर्म अग्रसारित नहीं हो सके हैं।
समाज कल्याण विभाग की ओर से 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को पेंशन दी जाती है। बुजुर्गों के बैंक अकाउंट में 500-500 रुपये मासिक पेंशन भेजे जाते हैं। इसके लिए ऑनलाइन फॉर्म भरा जाता है। गरीबी रेखा से नीचे का आय प्रमाण पत्र जरुरी है। आधार, आयु प्रमाण पत्र और बैंक अकाउंट संख्या भरना होता है। इसके बाद नगरीय क्षेत्र के बुजुर्गों के फॉर्म संबंधित तहसील क्षेत्र के एसडीएम के पोर्टल और देहात के लोगों के फॉर्म बीडीओ द्वारा अग्रसारित किया जाता है। प्रदेश सरकार की ओर से सत्यापन की अवधि 45 दिन तय की गई है लेकिन निर्धारित अवधि के बावजूद 207 फॉर्म सत्यापित नहीं हो सके हैं। यह फॉर्म जिले के विभिन्न तहसील और ब्लॉक कार्यालयों में अटके हैं। इसके चलते बुजुर्गों को पेंशन मिलने की उम्मीद टूटने लगी है।