डिडौली (अमरोहा)। हाईवे पर तेज रफ्तार कार के चालक ने पीछे से पिकअप में टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार रामपुर के रहने वाले खिलौने विक्रेता जयप्रकाश (30) की मौत हो गई। जबकि उसके पिता, भाई समेत चार लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल के भर्ती कराया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। मामले में कार के अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मृतक जयप्रकाश रामपुर जनपद के मिलक थानाक्षेत्र के गांव रजपुरा के रहने वाले थे। दो भाइयों में छोटे जयप्रकाश खिलौने बेचने का काम करते थे। उनके पिता ओमकार और भाई परवेज भी उनके साथ काम करते थे। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरनपुर में लगे मेले में दुकानें लग रही हैं। शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे जयप्रकाश, अपने पिता ओमकार, भाई परवेज व गांव के ही रहने वाले सुनील और ओमप्रकाश के साथ पिकअप में सवार होकर नेजा मेले में दुकान लगाने जा रहे थे। पिकअप में खिलौने भरे थे। जबकि जयप्रकाश चला रहा था। जैसे ही पिकअप डिडौली कोतवाली क्षेत्र में चौधरपुर गांव के सामने ओवरब्रिज से जोया की तरफ बढ़ा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने टक्कर मार दी। जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में जयप्रकाश समेत सभी लोग घायल हो गए। आरोपी चालक कार को छोड़कर भाग निकला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान जयप्रकाश की मौत हो गई। जबकि मृतक जयप्रकाश के पिता ओमकार, भाई परवेज और सुनील व ओमप्रकाश का इलाज चल रहा है। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में कार अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
7 महीने पहले हुई थी मृतक जयप्रकाश की शादी
डिडौली। हादसे की जानकारी मिलने के बाद अमरोहा पहुंचे मृतक जयप्रकाश के परिजनों ने बताया कि उसकी शादी सात महीने पहले ही सुनीता के साथ हुई थी। परिवार में सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन हादसे ने सब कुछ बर्बाद कर दिया। सुनीता की खुशियां उजड़ गईं।